किसानों के कल्याण के लिए कृषि, पशुपालन और उद्यानिकी को बढ़ावा दे रही सरकार : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

chif editor MANESH SAHU 9407073701
By -
0
किसानों के कल्याण के लिए कृषि, पशुपालन और उद्यानिकी को बढ़ावा दे रही सरकार : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री ने गुना में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव को वर्चुअली किया संबोधित
कुंभराज धनिया को जल्द मिलेगा जीआई टैग, प्रदेश में 20 प्रतिशत बढ़ेगा उद्यानिकी का रकबा
भोपाल/छिंदवाड़ा, 18 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कृषक कल्याण वर्ष में प्रदेश सरकार किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए कृषि के साथ पशुपालन और उद्यानिकी को भी बढ़ावा दे रही है। गुना जिला धनिया और गुलाब उत्पादन के लिए विशेष पहचान रखता है। किसानों को उद्यानिकी से जोड़कर उनकी आय बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। गुना जिले के कुंभराज धनिया को जल्द ही जीआई टैग मिलने की उम्मीद है। प्रदेश में उद्यानिकी का रकबा 20 प्रतिशत बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंगलवार को मुख्यमंत्री निवास से गुना कृषि उपज मंडी प्रांगण में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव को वर्चुअली संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पशुपालन के क्षेत्र में भी किसानों को लाभान्वित करने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। बदलते समय के अनुरूप पशु नस्ल सुधार जैसे कार्यों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रदेश में दुग्ध उत्पादन को 12 प्रतिशत से बढ़ाकर 20 प्रतिशत तक ले जाने का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में सिंचाई सुविधाओं का तेजी से विस्तार हुआ है। किसानों को दिन के समय बिजली उपलब्ध कराने से कृषि कार्यों में सुविधा हुई है और खेती को अधिक आसान बनाने में मदद मिली है।

युवाओं को कृषि एवं पशुपालन से जोड़ने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को कृषि, पशुपालन और उद्यानिकी गतिविधियों से भी जोड़ा जा रहा है। उन्नत गोपालन और डेयरी विकास से बड़ी संख्या में युवा जुड़ रहे हैं। उन्होंने किसानों से सामाजिक कुरीतियों को त्यागने, विवाह एवं अन्य आयोजनों में अनावश्यक खर्च से बचने, कृषि भूमि नहीं बेचने तथा बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों एवं किसानों से संवाद भी किया।

चाचौड़ा विधायक श्रीमती प्रियंका पेंची ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं से लोगों का जीवन आसान हुआ है।

गुना विधायक श्री पन्नालाल शाक्य ने प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि जिस धरती से हमें अन्न प्राप्त होता है, उसके प्रति सम्मान का भाव रखते हुए उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए।

कार्यक्रम में कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल, जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक दुबे सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

प्रदर्शनी का किया अवलोकन

बलराम कृषि महोत्सव के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं कृषि गतिविधियों पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई। अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और अधिकारियों से विभागीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

कार्यक्रम के प्रारंभ में कलाकारों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों ने किसानों को उन्नत कृषि तकनीक, प्राकृतिक खेती एवं अन्य कृषि उपयोगी विषयों की जानकारी दी।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले कृषक हुए सम्मानित

कार्यक्रम में कृषक परिवारों के मेधावी छात्र-छात्राओं तथा जैविक खेती एवं उन्नत कृषि तकनीक अपनाने वाले किसानों को सम्मानित किया गया। इसके अलावा स्वतंत्रता दिवस समारोह में सम्मानित किए गए अधिकारी-कर्मचारियों का भी सम्मान किया गया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
400/related/default