छिंदवाड़ा। नाग पंचमी के पावन अवसर पर ग्राम नेर निवासी हनुमान भक्त जयकुमार नागवंशी एवं हर-हर महादेव श्री भूराभगत महाराज मित्र मंडल नेर के तत्वावधान में ऐतिहासिक विशाल कावड़ एवं पैदल यात्रा निकाली गई। श्रद्धालुओं ने पचमढ़ी से नागद्वार होते हुए चौरागढ़ स्थित भूराभगत भोलेनाथ मंदिर तक करीब 96 किलोमीटर की दूरी 29 घंटे में पैदल तय की।
यात्रा के दौरान श्रद्धालु घने जंगलों, पहाड़ी रास्तों और दुर्गम मार्गों से होते हुए नागद्वार पहुंचे। यहां मां नर्मदा सहित नौ पवित्र नदियों के जल से नागदेव का जलाभिषेक किया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने चौरागढ़ स्थित भूराभगत भोलेनाथ मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर कावड़ यात्रा का समापन किया। समापन अवसर पर विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया।
यात्रा में मध्यप्रदेश सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने “जय भूराभगत”, “हर-हर महादेव” और “जय श्रीराम” के जयकारों के साथ उत्साहपूर्वक सहभागिता की। घने जंगलों और हरियाली से घिरे दुर्गम मार्गों पर श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बना। बड़ी संख्या में भक्तों ने नागद्वार पहुंचकर नागदेव एवं भगवान भोलेनाथ के दर्शन किए।
जयकुमार नागवंशी ने बताया कि यह पदयात्रा देशवासियों की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना के उद्देश्य से निकाली गई थी। उन्होंने यात्रा को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करने वाले शासन-प्रशासन, स्थानीय लोगों और सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने वाली ऐसी यात्राएं निरंतर जारी रहनी चाहिए।
इस दौरान नागद्वार एवं चौरागढ़ के पुजारियों से श्रद्धालुओं की संख्या और दर्शन व्यवस्था को लेकर जानकारी भी ली गई। पुजारियों के अनुसार इस वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे। यात्रा के सफल समापन पर हर-हर महादेव श्री भूराभगत महाराज मित्र मंडल नेर ने सभी भक्तों का अभिनंदन करते हुए आभार व्यक्त किया।
— सच की आंखें न्यूज़
मनेश साहू, संपादक
