“एक पेड़ माँ के नाम” एवं “अमृत हरित महाअभियान” के तहत हुआ पौधारोपण, संरक्षण का लिया संकल्प
छिंदवाड़ा। नगर पालिक निगम छिंदवाड़ा द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं शहर को हरित बनाने के उद्देश्य से “एक पेड़ माँ के नाम” एवं “अमृत हरित महाअभियान” के अंतर्गत बुधवार, 19 अगस्त 2026 को वार्ड क्रमांक 09, मोहरली में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम आकाशवाणी रोड स्थित रीत मैरिज लॉन के आगे, मोहरली चौक से एडिफाई स्कूल जाने वाली सड़क के किनारे पहाड़ी क्षेत्र में आयोजित हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता सहायक यंत्री श्री विवेक चौहान ने की।
इस अवसर पर “एक पेड़–एक जीवन” के संदेश के साथ पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर श्री दीपक राज जैन, मैत्री महिला मंडल की महिलाएं, टीम सिद्धिविनायक वेस्ट मैनेजमेंट सर्विसेज, स्कूली छात्र-छात्राएं, सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा नगर पालिक निगम के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण किया और लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प लिया। विद्यार्थियों एवं नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कहा गया कि “आज एक वृक्ष लगाएं, कल सैकड़ों सांसों को बचाएं।”
वक्ताओं ने कहा कि वृक्ष केवल छाया और फल ही नहीं देते, बल्कि शुद्ध पर्यावरण और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का आधार भी हैं। वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम में विभिन्न संस्थाओं, महिला समूहों, विद्यार्थियों तथा निगम के अधिकारी-कर्मचारियों की सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छ, सुंदर एवं हरित छिंदवाड़ा के संकल्प को और मजबूत किया गया।
