किसानों के लिए ‘कवच योजना’ बनी आर्थिक सुरक्षा की ढाल, फिर खुलेगा संस्थागत ऋण का रास्ता

chif editor MANESH SAHU 9407073701
By -
0
किसानों के लिए ‘कवच योजना’ बनी आर्थिक सुरक्षा की ढाल, फिर खुलेगा संस्थागत ऋण का रास्ता

भोपाल/छिंदवाड़ा, 17 अगस्त। किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और उन्हें संस्थागत ऋण व्यवस्था से दोबारा जोड़ने के लिए मध्यप्रदेश सरकार ने ‘कवच योजना’ को मंजूरी दी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में 4 अगस्त 2026 को हुई मंत्रि-परिषद की बैठक में इस योजना को स्वीकृति दी गई।

करीब 5 हजार किसानों को मिलेगा लाभ

योजना के तहत सहकारी समितियों से जुड़े ऐसे करीब 5 हजार किसान लाभान्वित होंगे, जिनके ऋण खातों में गड़बड़ियों की जांच लंबित होने के कारण नई ऋण सुविधा एवं शासकीय योजनाओं का लाभ प्रभावित हो रहा था। योजना का उद्देश्य जांच प्रक्रिया के कारण किसानों की खेती और आजीविका पर लंबे समय तक असर न पड़ने देना तथा उन्हें पुनः संस्थागत ऋण व्यवस्था की मुख्यधारा से जोड़ना है।

प्रभावित किसानों को नया ऋण उपलब्ध कराने के लिए अपेक्स बैंक एवं जिला सहकारी बैंक अपने स्तर पर कुल 50 करोड़ रुपये तक की विशेष निधि का निर्माण करेंगे। वहीं, राज्य सरकार द्वारा किसान हित में 25 करोड़ रुपये की एकमुश्त अंशपूंजी सहायता उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है।

समय पर ऋण से मजबूत होगी खेती

सरकार का मानना है कि संस्थागत कृषि ऋण किसानों के लिए खेती का महत्वपूर्ण वित्तीय आधार है। समय पर ऋण मिलने से किसान बीज, खाद, कृषि यंत्र, सिंचाई एवं अन्य कृषि आवश्यकताओं के लिए पूंजी की व्यवस्था कर सकेंगे। इससे उन्हें महंगे कर्ज पर निर्भरता से भी राहत मिलेगी।

13 नवंबर तक चलेगा बलराम कृषि महोत्सव

किसान कल्याण वर्ष-2026 के तहत प्रदेशभर में बलराम कृषि महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। 15 जुलाई से शुरू हुआ यह महोत्सव 13 नवंबर 2026 तक चलेगा। इसके दौरान कृषि उपज मंडी परिसरों में किसानों से संवाद, कृषि वैज्ञानिकों द्वारा नई तकनीकों की जानकारी तथा खेती को लाभकारी एवं टिकाऊ व्यवसाय बनाने पर जोर दिया जा रहा है।

महोत्सव में जल संरक्षण, सूक्ष्म सिंचाई, मौसम आधारित सलाह, मृदा परीक्षण, जैविक एवं प्राकृतिक खेती, ड्रोन तकनीक और फसल विविधिकरण के प्रति किसानों को जागरूक किया जा रहा है। साथ ही किसानों को सोलर पंप कनेक्शन एवं एग्री-स्टैक प्रणाली के उपयोग के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
400/related/default