भोपाल/छिंदवाड़ा, 17 अगस्त। संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंगलवार को भोपाल के रवीन्द्र भवन में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रदेशव्यापी “श्री गुरु रविदास समरसता संकल्प अभियान एवं कलश यात्रा” का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम पूर्वाह्न 11 बजे से आयोजित होगा। इस दौरान प्रदेश के विभिन्न जिलों के लिए पावन कलश रवाना किए जाएंगे।
संत रविदास जी के जीवन-दर्शन, समता, भक्ति, सेवा, सामाजिक न्याय एवं मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह अभियान 18 अगस्त से शुरू होगा। इसके तहत प्रदेश, जिला एवं ग्राम स्तर पर सामाजिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
20 अगस्त से शुरू होगी कलश रथ यात्रा
अभियान के तहत 20 अगस्त को सभी जिला मुख्यालयों पर कलश वंदन एवं सम्मान समारोह होंगे। इसके बाद पावन कलश को कलश रथ के माध्यम से रविदास मंदिरों एवं ग्राम स्तर तक ले जाया जाएगा। प्रदेशभर में 20 अगस्त से 10 सितंबर तक निर्धारित मार्गों पर कलश रथ यात्राएं निकाली जाएंगी।
होंगे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन
अभियान के दौरान सामूहिक आरती, गुरुवाणी पाठ, भजन संध्या, समरसता संकल्प एवं अन्य धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। इनमें संतों, गुरुओं, समाज प्रतिनिधियों एवं नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
अक्टूबर-नवंबर में निकलेगी समरसता यात्रा
श्री गुरु रविदास महाराज समरसता यात्रा 5 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक आयोजित होगी। यात्रा डेरा सचखंड बल्लन, जालंधर से प्रारंभ होकर मध्यप्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से गुजरेगी। प्रमुख पड़ावों पर स्वागत, समरसता संकल्प, गोष्ठी तथा समता, सेवा, सामाजिक न्याय एवं बेगमपुरा के आदर्श समाज से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
वहीं, 18 से 31 अगस्त तक प्रदेश में संत संपर्क कार्यक्रम आयोजित कर संतों एवं गुरुओं को अभियान की गतिविधियों की जानकारी दी जाएगी और उनकी सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। अभियान का नोडल विभाग अनुसूचित जाति कल्याण विभाग रहेगा, जबकि जनजातीय जिलों में जनजातीय कार्य विभाग समन्वय करेगा।
