जनजातीय कार्य मंत्री डॉ. विजय शाह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से ली छात्रावास एवं आश्रम अधीक्षकों की बैठक छात्रावासों एवं आश्रमों की व्यवस्थाओं, सुरक्षा और विद्यार्थियों की सुविधाओं को लेकर दिए आवश्यक निर्देश

chif editor MANESH SAHU 9407073701
By -
0
जनजातीय कार्य मंत्री डॉ. विजय शाह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से ली छात्रावास एवं आश्रम अधीक्षकों की बैठक छात्रावासों एवं आश्रमों की व्यवस्थाओं, सुरक्षा और विद्यार्थियों की सुविधाओं को लेकर दिए आवश्यक निर्देश

छिन्दवाड़ा/ मध्यप्रदेश शासन के जनजातीय कार्य विभाग मंत्री डॉ. कुँवर विजय शाह ने गुरुवार को भोपाल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के छात्रावास एवं आश्रम अधीक्षकों की बैठक ली। इस दौरान छिंदवाड़ा स्थित जनजातीय कार्य विभाग कार्यालय से सहायक आयुक्त सहित जिले के छात्रावास एवं आश्रमों के अधीक्षक बैठक में शामिल हुए।

बैठक में मंत्री डॉ. शाह ने छात्रावासों एवं आश्रमों के सुचारु संचालन, विद्यार्थियों की सुविधाओं, सुरक्षा, अनुशासन, स्वच्छता एवं अन्य व्यवस्थाओं को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधीक्षकों को संस्था में रात्रि विश्राम करना अनिवार्य होगा तथा सुबह एवं शाम भोजन के समय उनकी उपस्थिति सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक अधीक्षक प्रतिदिन कम से कम 15 मिनट विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनें और उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करें। विद्यार्थियों को प्रतिदिन सुबह पी.टी. कराई जाए, भोजन के बाद अध्ययन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा शाम के समय एक घंटे का खेलकूद कालखंड आयोजित किया जाए।

मंत्री डॉ. शाह ने छात्रावास एवं आश्रम परिसरों की सुरक्षा को लेकर निर्देश देते हुए कहा कि बिना अनुमति किसी बाहरी व्यक्ति, सामाजिक संगठन अथवा असामाजिक तत्व का प्रवेश निषिद्ध रहेगा। जिला अधिकारी की अनुमति के बाद ही बाहरी व्यक्तियों से मुलाकात कराई जा सकेगी। बिना अनुमति विद्यार्थियों को किसी रैली, सामाजिक या धार्मिक कार्यक्रम अथवा भाषण में शामिल नहीं किया जाएगा। साथ ही संस्थाओं में बिना अनुमति किसी भी प्रकार के गैर-शासकीय कार्यक्रम, बैठक, भाषण अथवा प्रार्थना आदि के आयोजन पर प्रतिबंध रहेगा।

उन्होंने छात्रावास एवं आश्रमों के भीतर फोटोग्राफी पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के निर्देश देते हुए कहा कि इस व्यवस्था का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। वहीं सभी संस्थाओं में 31 अगस्त 2026 के पूर्व पालक समिति की बैठक आयोजित कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में पालकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।

मंत्री ने संस्थाओं में पेयजल, खिड़कियों में मच्छर जाल, शौचालय एवं स्नानगृहों की मरम्मत सहित आवश्यक व्यवस्थाएं तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आवश्यकता होने पर आवंटन के लिए जिला कार्यालय में फोटोग्राफ सहित मांग पत्र प्रस्तुत किया जाएगा। अधीक्षकों को आवश्यक कार्यों की सूची तत्काल एवं दीर्घकालीन कार्यों के रूप में अलग-अलग तैयार करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि संस्थाओं में खुले या लटके हुए विद्युत तार नहीं होने चाहिए। स्वच्छ परिसर वाले छात्रावास अथवा आश्रम को 50 हजार रुपये का पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। बच्चों के शैक्षणिक एवं मानसिक विकास के लिए भ्रमण कार्यक्रम आयोजित करने तथा उसके फोटोग्राफ उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।

इसके अलावा विद्यार्थियों के खातों में जमा बिस्तर सामग्री की राशि से आवश्यक बिस्तर सामग्री क्रय कराने, एक बिस्तर अथवा पलंग पर दो बच्चों को न सुलाने, प्रत्येक बच्चे के लिए अलग बिस्तर की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा संस्था में कार्यरत कर्मचारियों एवं मजदूरों का पुलिस सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए।

मंत्री डॉ. शाह ने सभी संस्थाओं में थम्ब इंप्रेशन एवं सीसीटीवी कैमरे लगाने, बच्चों के मोबाइल नंबर परख एप में डाउनलोड करने तथा आश्रमों में केवल पांच वर्ष से अधिक आयु के बच्चों को प्रवेश देने के निर्देश भी दिए।

मंत्री डॉ. कुँवर विजय शाह ने सभी छात्रावास एवं आश्रम अधीक्षकों को उक्त निर्देशों का कड़ाई एवं गंभीरता से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
Tags:

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
400/related/default