भारत बनेगा विश्व का सर्वश्रेष्ठ देश : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

chif editor MANESH SAHU 9407073701
By -
0
भारत बनेगा विश्व का सर्वश्रेष्ठ देश : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

मुख्यमंत्री ने कर्मश्री की विशाल तिरंगा यात्रा को मदर टेरेसा स्कूल से किया रवाना, कोलार रोड पर उमड़ा तिरंगों का सैलाब
भोपाल/छिंदवाड़ा, 14 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उत्साह और उमंग से सराबोर है। दुनिया भारत को एक सामर्थ्यशाली और शक्तिशाली राष्ट्र के रूप में देख रही है। आज नभ, जल और थल—हर क्षेत्र में तिरंगा शान से लहरा रहा है। उन्होंने कहा कि आजादी के अमृतकाल तक भारत विश्व का सर्वश्रेष्ठ देश बनेगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भोपाल के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी नगर, कोलार रोड क्षेत्र में कर्मश्री संस्था द्वारा आयोजित विशाल तिरंगा यात्रा को मदर टेरेसा स्कूल से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। वे खुली जीप में सवार होकर यात्रा में शामिल हुए और उसका नेतृत्व किया। इस अवसर पर पूर्व प्रोटेम स्पीकर एवं विधायक श्री रामेश्वर शर्मा भी उपस्थित रहे।

युवाओं और स्थानीयजनों की सहभागिता ने बढ़ाया उत्साह

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में युवाओं, बाइकर्स, वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, व्यापारियों और स्कूली बच्चों की सहभागिता की सराहना की। उन्होंने कहा कि युवाओं के उत्साह और राष्ट्रभक्ति से यह यात्रा देश की प्रमुख तिरंगा यात्राओं में शामिल हो रही है।

यात्रा के दौरान स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री डॉ. यादव का स्वागत किया। मार्गभर वंदेमातरम् और भारत माता की जय के नारों से वातावरण गूंजता रहा। स्कूली बच्चों और शिक्षकों ने तिरंगा लहराकर यात्रा का स्वागत किया। अनेक बच्चे भारत माता और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की वेशभूषा में नजर आए।

राष्ट्रध्वज की गरिमा बनाए रखने का आह्वान

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने युवाओं और सभी प्रतिभागियों से राष्ट्रध्वज की गरिमा बनाए रखने तथा राष्ट्रध्वज से संबंधित नियमों और निर्धारित मर्यादाओं का पालन करने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं को देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया।

मुख्यमंत्री ने तिरंगा यात्रा में शामिल युवाओं के साथ सेल्फी भी ली और स्कूली बच्चों का अभिवादन स्वीकार करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कर्मश्री संस्था के सभी आयोजकों को विशाल तिरंगा यात्रा के आयोजन के लिए बधाई दी।

वर्ष 2027 युवावर्ष के रूप में मनाया जाएगा

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के संकल्पों के साथ आगे बढ़ रहा है। प्रदेश में गरीब, किसान, युवा और महिलाओं सहित सभी वर्गों के कल्याण के लिए कार्य किए जा रहे हैं। वर्ष 2025 को औद्योगिक निवेश वर्ष के रूप में मनाया गया, जबकि वर्तमान में किसान कल्याण वर्ष के अंतर्गत किसानों के हित में कार्य जारी हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2027 को मध्यप्रदेश में युवावर्ष के रूप में मनाया जाएगा।

नशे से दूर रहने युवाओं से अपील

पूर्व प्रोटेम स्पीकर एवं विधायक श्री रामेश्वर शर्मा ने कहा कि तिरंगे और वंदे मातरम् के विस्तार के साथ अखंड भारत के संकल्प को साकार करने के लिए सभी को प्रतिबद्ध रहना चाहिए। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रीय ध्वज, लोकतांत्रिक भावना और संविधान में निहित मूल्यों के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया।

श्री शर्मा ने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि प्रदेश में ‘नशे से दूरी है जरूरी’ अभियान व्यापक स्तर पर चलाया जा रहा है। उन्होंने युवाओं से स्वस्थ और नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने का आग्रह किया।

विशाल तिरंगा यात्रा के दौरान देशभक्ति गीतों, वंदेमातरम् और भारत माता की जय के नारों से पूरा कोलार रोड राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में निकली इस यात्रा में उमड़ी जनभागीदारी ने स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को और भव्य बना दिया।
Tags:

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
400/related/default