उत्कृष्ट बैडमिंटन खिलाड़ियों ने की कलेक्टर से मुलाकात, खिलाड़ियों का बढ़ाया मनोबलखिलाड़ियों की उपलब्धियों और आगामी प्रतियोगिताओं की तैयारियों पर हुई चर्चा, खेल सामग्री उपलब्ध कराने का आश्वासन

chif editor MANESH SAHU 9407073701
By -
0
उत्कृष्ट बैडमिंटन खिलाड़ियों ने की कलेक्टर से मुलाकात, खिलाड़ियों का बढ़ाया मनोबल खिलाड़ियों की उपलब्धियों और आगामी प्रतियोगिताओं की तैयारियों पर हुई चर्चा, खेल सामग्री उपलब्ध कराने का आश्वासन

छिंदवाड़ा। जिले के उत्कृष्ट बैडमिंटन खिलाड़ियों ने जिला बैडमिंटन संघ के सचिव एवं कोच जावेद खान के नेतृत्व में कलेक्टर से उनके कक्ष में मुलाकात की। इस दौरान कलेक्टर ने खिलाड़ियों की खेल उपलब्धियों, प्रशिक्षण, नियमित अभ्यास तथा आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं की तैयारियों के संबंध में विस्तार से जानकारी ली।

कलेक्टर ने खिलाड़ियों से आगामी प्रतियोगिताओं को लेकर की जा रही तैयारियों और अभ्यास के संबंध में चर्चा की। खिलाड़ियों की बेहतर तैयारी एवं प्रशिक्षण के लिए आवश्यक संसाधनों की जरूरत को देखते हुए उन्होंने आवश्यक खेल सामग्री उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। कलेक्टर के सहयोगात्मक रुख से खिलाड़ियों में उत्साह का संचार हुआ।

उत्कृष्ट खिलाड़ियों का किया सम्मान

इस अवसर पर बालिका वर्ग की उत्कृष्ट खिलाड़ियों जहान्वी विश्वकर्मा, तनिष्का विश्वकर्मा, लक्ष्मी मार्को, मन्नत डोडानी, सुवेक्षा हीडाउ, आरना नागोत्रा एवं महिमा यादव तथा बालक वर्ग के अश्वंत मार्को, कुशाग्र पटेल, भविष्य सूर्यवंशी, जय राजपूत, आलोक अग्रवाल, अंश अग्रवाल, ध्रुव डोडानी एवं पार्थ चौकसे को मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया।

सम्मान से उत्साहित खिलाड़ियों ने कलेक्टर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इसी तरह सहयोग, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन मिलता रहा तो वे पूरी मेहनत और लगन के साथ खेलते हुए छिंदवाड़ा जिले का नाम राज्य, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने का प्रयास करेंगे।

प्रशिक्षण व्यवस्था और समस्याओं पर भी हुई चर्चा

मुलाकात के दौरान जिला बैडमिंटन संघ के सचिव एवं कोच जावेद खान ने खिलाड़ियों के नियमित अभ्यास, प्रशिक्षण व्यवस्था तथा जिले में बैडमिंटन प्रतिभाओं को निखारने के लिए आयोजित होने वाले टूर्नामेंटों से संबंधित आवश्यकताओं और समस्याओं से कलेक्टर को अवगत कराया। कलेक्टर ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक सहयोग और समस्याओं के शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर जावेद खान के विशेष सहयोगी एवं जिला बैडमिंटन संघ के कोषाध्यक्ष तरुण विश्वकर्मा भी उपस्थित रहे।

खिलाड़ियों के लिए प्रोत्साहन बनी पहल

उल्लेखनीय है कि जिले की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में प्रशासन की ओर से सहयोग किया जा रहा है। कलेक्टर द्वारा खिलाड़ियों से सीधे संवाद कर उनकी उपलब्धियों, आवश्यकताओं और आगामी प्रतियोगिताओं की तैयारियों की जानकारी लेना खिलाड़ियों के लिए उत्साहवर्धक रहा। प्रशासन के सहयोग और जिला बैडमिंटन संघ के प्रयासों से जिले के युवा खिलाड़ियों को राज्य, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
400/related/default