छिंदवाड़ा/19 अगस्त 2026। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद छिंदवाड़ा के जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन के मार्गदर्शन एवं विकासखंड बिछुआ के ब्लॉक समन्वयक श्री दीपक गेडाम के नेतृत्व में नवांकुर संस्था ग्राम कल्याण सेवा समिति, सोनपुर द्वारा ग्राम सोनपुर में नवांकुर सखी हरियाली यात्रा निकाली गई। यात्रा के माध्यम से ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण एवं पौधरोपण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
हरियाली यात्रा गांव के विभिन्न मार्गों से होते हुए संस्था कार्यालय पहुंची, जहां यात्रा सभा में परिवर्तित हुई। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री संदीप रघुवंशी ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में श्री राम सिंह पटेल उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना के साथ किया गया।
इस अवसर पर श्री नरेश डवरे ने पर्यावरण संरक्षण एवं ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत की। संस्था अध्यक्ष श्री लक्ष्मण राव खिरडकर, सचिव श्री हरिश्चंद्र चौधरी, श्री राम सिंह पटेल, श्री संदीप रघुवंशी एवं श्री दीपक गेडाम ने अपने संबोधन में पौधरोपण के साथ पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला।
पौधों की देखभाल एवं संरक्षण की दिलाई शपथ
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को पौधरोपण करने के साथ-साथ लगाए गए पौधों की देखभाल एवं संरक्षण की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर नवांकुर सखियों को फलदार एवं छायादार प्रजातियों के लगभग 60 पौधे वितरित किए गए।
कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों ने पर्यावरण संरक्षण में जनभागीदारी के महत्व को समझा और अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी सुरक्षा एवं देखभाल का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में संस्था अध्यक्ष श्री लक्ष्मण राव खिरडकर, प्रस्फुटन समिति अध्यक्ष श्री राजेश सराठे, प्रस्फुटन समिति सचिव श्री सेवक केवटे, श्री संतराम परतेती, श्री संजय शेन्डे, श्री विनोद खिरडकर सहित अन्य नागरिकों की सहभागिता रही।
