छिंदवाड़ा/19 अगस्त 2026। विकासखंड जुन्नारदेव के ग्राम चिचोली में हरियाली अमावस्या के अवसर पर मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के निर्देशानुसार एवं जिला समन्वयक छिंदवाड़ा श्री अखिलेश जैन के मार्गदर्शन में नवांकुर संस्था पंख सामाजिक विकास संस्थान, जुन्नारदेव एवं ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति बानाबेहरा के संयुक्त तत्वावधान में सेक्टर रामपुर में “नवांकुर सखी हरियाली यात्रा” का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं पौधा वितरण के साथ हुआ। पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सभी नवांकुर सखियों को पौधे वितरित किए गए। इसके बाद नागपंचमी के अवसर पर चिचोली में नाग देवता का विधिवत पूजन-अर्चन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि ग्राम पंचायत बानाबेहरा की उपसरपंच श्रीमती बुद्धों बाई परते, विकासखंड समन्वयक श्री संजय बामने एवं समिति अध्यक्ष श्री नजरू परते ने कन्या पूजन एवं कलश पूजन में सहभागिता की।
सावन गीत और भजनों ने बांधा समां
कार्यक्रम में नवांकुर सखियों ने सावन गीत, भजन एवं नृत्य की प्रस्तुति देकर आयोजन को सांस्कृतिक एवं भावनात्मक रंग दिया। विकासखंड समन्वयक श्री संजय बामने ने हरियाली यात्रा की अवधारणा, उद्देश्य एवं पर्यावरण संरक्षण में पौधरोपण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने पौधरोपण की आगामी तिथियों तथा लगाए गए पौधों की देखभाल के संबंध में भी जानकारी दी। उपस्थित अतिथियों ने पर्यावरण संरक्षण को लेकर प्रेरणादायक विचार साझा किए।
गांव में निकली हरियाली यात्रा
इसके बाद हरियाली यात्रा स्कूल परिसर से प्रारंभ होकर पूरे ग्राम के विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः मंदिर प्रांगण पहुंची, जहां यात्रा का समापन हुआ। यात्रा के दौरान नवांकुर सखियों एवं उपस्थित ग्रामीणों को पौधों के संरक्षण एवं देखभाल की शपथ दिलाई गई।
समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों को प्रसादी वितरित की गई। पंख सामाजिक विकास संस्थान के प्रतिनिधि श्री राकेश यादव ने सभी अतिथियों, गणमान्य ग्रामीणों, नवांकुर सखियों एवं समितियों के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में विकासखंड समन्वयक मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद श्री संजय बामने, नवांकुर संस्था से सुश्री आर्या गुप्ता, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति अध्यक्ष श्री नजरू परते, सुश्री किरण नर्रे, श्री राकेश नर्रे, श्री मनोज नर्रे, श्रीमती राजकुमारी धुर्वे, श्रीमती सुनीता धुर्वे, श्रीमती मेंहदी परते, श्री सतीश उईके, श्री शनिराम वटके, श्रीमती रामप्यारी वटके, श्रीमती रीता उईके, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति टेकाढाना से श्री दिलीप वटके, श्रीमती गीता मर्सकोले, प्राचार्य श्रीमती मीना डूंडले सहित विद्यालय के शिक्षक एवं विद्यार्थी, ग्रामीणजन, स्व-सहायता समूह की महिलाएं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका एवं अन्य नागरिक उपस्थित रहे।
