छिंदवाड़ा, 18 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुसार “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन के निर्देश पर मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन एवं विकासखंड समन्वयक श्री संजय बामने के मार्गदर्शन में विकासखंड जुन्नारदेव की आदर्श ग्राम पंचायत घुट्टी के ग्राम टाटरवाड़ा में “नवांकुर सखी हरियाली कलश यात्रा” का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंदिर में दीप प्रज्ज्वलन एवं देव पूजन के साथ किया गया। अतिथियों का स्वागत फलदार पौधे, अक्षत एवं पुष्प भेंट कर किया गया। वहीं नवांकुर सखी महिलाओं का अक्षत, पुष्पगुच्छ एवं पुष्पवर्षा से स्वागत-सम्मान किया गया।
इस अवसर पर विकासखंड समन्वयक श्री संजय बामने ने हरियाली कलश यात्रा के उद्देश्य एवं कार्यक्रम की रूपरेखा की जानकारी दी। ग्राम पंचायत सरपंच श्रीमती ज्योति कुमरे ने महिलाओं को संबोधित करते हुए पर्यावरण संरक्षण एवं पौधारोपण के महत्व पर प्रकाश डाला।
इसके बाद सामुदायिक भवन से हरियाली कलश एवं पौध कलश यात्रा निकाली गई, जो होली मोहल्ला एवं प्राथमिक शाला होते हुए पुनः सामुदायिक भवन पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा के समापन पर नवांकुर संस्था की उपाध्यक्ष आर्या गुप्ता ने पर्यावरण संरक्षण पर विचार व्यक्त करते हुए पौधों की नियमित देखभाल एवं सुरक्षा का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान नवांकुर सखियों को जनप्रतिनिधियों के हाथों 11-11 फलदार पौधे वितरित किए गए। कार्यक्रम में शामिल अन्य सहभागियों को भी 11-11 फलदार पौधे प्रदान किए गए। सभी उपस्थितजनों को पौधों की सुरक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम के समापन पर समिति अध्यक्ष श्रीमती ज्योति कुमरे ने सभी अतिथियों, सहभागियों एवं ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया। आयोजन में समिति सदस्यों, गणमान्य नागरिकों, महिलाओं एवं ग्रामीणों का सहयोग रहा। इस दौरान आर्या गुप्ता, श्रीमती अश्लेषा, श्रीमती पूजा धुर्वे, श्रीमती दुर्गा उईके, मेंटर श्रीमती योगिता मर्सकोले, श्री गोविंद नंदवंशी एवं श्रीमती नेहा चौकसे सहित अन्य ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
