Top News

जिला सहकारी बैंक की 113वीं वार्षिक आमसभा संपन्न, बजट सहित सभी प्रस्तावों को मिली मंजूरीवर्ष 2025-26 में बैंक ने अर्जित किया 8 करोड़ 72 लाख 75 हजार रुपये का शुद्ध लाभ163.60 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तावित, 26 शाखाओं और 185 बी-पैक्स के माध्यम से मिल रही बैंकिंग सेवाएं

जिला सहकारी बैंक की 113वीं वार्षिक आमसभा संपन्न, बजट सहित सभी प्रस्तावों को मिली मंजूरी

वर्ष 2025-26 में बैंक ने अर्जित किया 8 करोड़ 72 लाख 75 हजार रुपये का शुद्ध लाभ

163.60 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तावित, 26 शाखाओं और 185 बी-पैक्स के माध्यम से मिल रही बैंकिंग सेवाएं

छिन्दवाड़ा। जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित छिन्दवाड़ा की 113वीं वार्षिक आमसभा शनिवार को बैंक मुख्यालय में अपेक्स बैंक भोपाल के प्रशासक महेन्द्र यादव के मुख्य आतिथ्य एवं कलेक्टर तथा बैंक प्रशासक हरेंद्र नारायन की अध्यक्षता में संपन्न हुई। आमसभा में बैंक की वित्तीय स्थिति, ऋण वितरण, अमानत वृद्धि एवं आगामी विकास कार्यों की जानकारी प्रस्तुत की गई। इस दौरान वर्ष 2026-27 के लिए प्रस्तावित 163.60 करोड़ रुपये के बजट सहित सभी प्रस्तावों को अंशधारकों ने सर्वसम्मति से मंजूरी प्रदान की।

कलेक्टर एवं बैंक प्रशासक हरेंद्र नारायन ने वर्ष 2025-26 की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि बैंक ने इस वित्तीय वर्ष में 872.75 लाख रुपये अर्थात 8 करोड़ 72 लाख 75 हजार रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया है। 31 मार्च 2026 की स्थिति में बैंक का संचित लाभ बढ़कर 1734.88 लाख रुपये अर्थात 17 करोड़ 34 लाख 88 हजार रुपये हो गया है।

उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में बैंक के उधारों में करीब 153 करोड़ रुपये की वृद्धि हुई है। ऋण एवं अग्रिमों में भी लगभग 16 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है, जिससे जिले के किसानों को अधिक ऋण सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिली है। उन्होंने कहा कि बैंक ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है, वहीं कुछ क्षेत्रों में और प्रभावी कार्य किए जाने की आवश्यकता है।

163.60 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तावित

बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी राजेश रायकवार ने वर्ष 2025-26 का वित्तीय पत्रक तथा आगामी विकासात्मक कार्ययोजना आमसभा के समक्ष प्रस्तुत की। उन्होंने वर्ष 2026-27 के लिए 163.60 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तावित किया। उन्होंने बताया कि बैंक की कार्यशील पूंजी बढ़कर 2015.72 करोड़ रुपये हो गई है।

आगामी वर्ष के लिए अंश पूंजी वृद्धि, ऋण वितरण, अमानत वृद्धि, नए कृषकों को सदस्यता प्रदान करने तथा कृषि एवं कृषि संबद्ध गतिविधियों के लिए ऋण वितरण सहित विभिन्न लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं। बैंक ने विकासात्मक कार्यों के लिए आठ प्रस्तावित बजट एवं वार्षिक कार्यक्रम आमसभा के समक्ष रखे, जिन्हें उपस्थित अंशधारकों ने सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की।

सहकारिता से किसानों को मिल रही सुविधाएं

मुख्य अतिथि महेन्द्र यादव ने शासन द्वारा किसानों के हित में संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने सहकारिता के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सहकारी संस्थाओं के माध्यम से किसानों एवं ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बैंकिंग, ऋण सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने जिला सहकारी बैंक की उपलब्धियों की सराहना करते हुए अधिकारियों, कर्मचारियों, समितियों एवं अंशधारकों को बधाई दी।

उत्कृष्ट शाखाओं एवं बी-पैक्स समितियों का सम्मान

आमसभा के दौरान बैंक की विभिन्न शाखाओं एवं बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (बी-पैक्स) को उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि महेन्द्र यादव एवं कलेक्टर तथा बैंक प्रशासक हरेंद्र नारायन ने सम्मानित शाखाओं एवं समितियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए।

बैंक शाखाओं में सम्मानित शाखाएं—

  • सर्वाधिक ऋण वितरण: उभेगांव, परासिया एवं बिछुआ।
  • सर्वाधिक ऋण वसूली: सिवनी, बिछुआ एवं पिपलानारायणवार।
  • सर्वाधिक अमानत वृद्धि: गांधीगंज, पिपलानारायणवार एवं तिगांव।
  • सर्वाधिक रुपये केसीसी कार्ड वितरण: चौरई, रोहनाकला एवं पिपलानारायणवार।
  • माइक्रो एटीएम से सर्वाधिक ऋण वितरण: लोधीखेड़ा, पिपलानारायणवार, सिवनी, बिछुआ, कुण्डालीकला एवं चांद।
  • जमा आवर्ती में नए खाते खोलने: रोहना, पांढुर्णा एवं सिराठा।

बी-पैक्स समितियों में सम्मानित समितियां—

  • सर्वाधिक ऋण वसूली: सेजा, हरई, नवेगांवगोंड, खूनाझिरकला, बिछुआ एवं झिलमिली।
  • माइक्रो एटीएम से सर्वाधिक वस्तु वित्त वितरण: पिपला, घोटी एवं कुण्डालीकला।
  • पैक्स कम्प्यूटरीकरण में उत्कृष्ट कार्य: सारंगबिहरी, पिंडरईकला, लावाघोघरी, लांघा, शिकारपुर, नांदनवाड़ी, हिवरासेनाडवार, रिधोरामेट, चिचोलीबड़ एवं सिल्लेवानी।
  • सदस्यता अभियान में उत्कृष्ट कार्य: मारूढ़, चुर्रीसाजवा एवं रोहनाकला।
  • पैक्स अंतर्गत व्यावसायिक गतिविधियों में उत्कृष्ट कार्य: चौरई।
  • बचत काउंटर में अमानत वृद्धि: बाघवर्धिया, जामसांवली एवं बीसापुर।

26 शाखाओं और 185 बी-पैक्स से मिल रही सेवाएं

जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक की 26 शाखाएं तथा उनसे संबद्ध 185 बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियां (बी-पैक्स) जिले में कार्यरत हैं। बैंक एवं समितियों से जुड़े 2 लाख 36 हजार 946 सदस्य तथा बैंक की 26 शाखाओं से जुड़े 3 लाख 69 हजार 39 अमानतदार विभिन्न बैंकिंग सुविधाओं एवं शासन की योजनाओं का लाभ प्राप्त कर रहे हैं।

बैंक से संबद्ध 185 बी-पैक्स में से 146 बी-पैक्स किसान समृद्धि केन्द्र एवं कॉमन सर्विस सेंटर के रूप में कार्य कर रही हैं। इसके अलावा दो बी-पैक्स जनऔषधि केन्द्र तथा दो बी-पैक्स एलपीजी गैस वितरण केन्द्र के रूप में सेवाएं दे रही हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग के साथ अन्य आवश्यक सेवाओं की उपलब्धता भी बढ़ी है।

अधिकारियों-कर्मचारियों के योगदान की सराहना

कार्यक्रम में बैंक की प्रगति में योगदान देने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सहकारी समितियों से जुड़े प्रतिनिधियों के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी गई। किसानों एवं सदस्यों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने तथा बैंक की उपलब्धियों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास करने पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम का संचालन मुख्यालय स्थापना कक्ष प्रभारी विशाल शुक्ला ने किया। कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि महेन्द्र यादव का जिला बैंक के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं कर्मचारी संगठन के पदाधिकारियों ने शॉल, श्रीफल एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मान किया। आभार प्रदर्शन बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी राजेश रायकवार ने किया।

Post a Comment

और नया पुराने