प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आदिवासी भाइयों-बहनों को सिकल सेल से मुक्त रखने का लिया संकल्प : बंटी विवेक साहू
वड़नगर से वाराणसी सेवा संकल्प यात्रा के बाइक यात्रियों का छिंदवाड़ा में सांसद ने किया सम्मान
मेडिकल कॉलेज में सिकल सेल मरीजों से किया संवाद, रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से वितरित की पोषण किट
छिन्दवाड़ा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता देते हुए आदिवासी समुदाय को सिकल सेल रोग से मुक्त रखने का संकल्प लिया है। सिकल सेल से पीड़ित मरीजों को राहत देने के उद्देश्य से भी विभिन्न प्रयास किए जा रहे हैं।
यह बात सांसद बंटी विवेक साहू ने मेडिकल कॉलेज छिंदवाड़ा में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित सिकल सेल मरीजों के स्वास्थ्य शिविर एवं वड़नगर से वाराणसी निकली सेवा संकल्प यात्रा के बाइक यात्रियों के सम्मान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। कार्यक्रम की शुरुआत सांसद ने की तथा यात्रा में शामिल सभी सेवा यात्रियों का स्वागत किया। इस दौरान रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से सिकल सेल मरीजों को पोषण किट वितरित की गईं।
सांसद बंटी विवेक साहू ने कहा कि छिंदवाड़ा में मेडिकल कॉलेज शुरू होने से जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार हुआ है। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़ाने और चिकित्सा शिक्षा के विस्तार के प्रयासों से विद्यार्थियों के लिए अवसर बढ़े हैं। छिंदवाड़ा मेडिकल कॉलेज से प्रतिवर्ष 150 विद्यार्थी चिकित्सा शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से पात्र जरूरतमंद परिवारों को उपचार की सुविधा मिल रही है।
सांसद ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के अंतर्गत वड़नगर से वाराणसी के लिए सेवा संकल्प यात्रा निकाली जा रही है। उन्होंने जिले में पहुंचे सभी सेवा यात्रियों का स्वागत करते हुए उनके द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना की।
सेवा संकल्प को विकसित भारत के संकल्प से जोड़ रही यात्रा
सेवा संकल्प अभियान के जिला संयोजक एवं भाजपा जिला महामंत्री कमलेश उईके ने कहा कि वड़नगर से निकली सेवा संकल्प यात्रा जुन्नारदेव विधानसभा के रामपुर से होते हुए छिंदवाड़ा जिले में पहुंची है। यात्रा के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा संकल्प एवं विकसित भारत-2047 के लक्ष्य से जुड़ने का संदेश दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यात्रा में शामिल सेवा यात्री विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण करते हुए सेवा गतिविधियों में सहभागिता कर रहे हैं।
मेडिकल कॉलेज पहुंची सेवा संकल्प यात्रा
सेवा संकल्प यात्रा के दूसरे दिन पोआमा में दिव्यांगजनों के सम्मान के बाद यात्रा परासिया नाका और खजरी चौक होते हुए मेडिकल कॉलेज छिंदवाड़ा पहुंची। यहां सेवा यात्री सिकल सेल मरीजों के स्वास्थ्य शिविर, संवाद एवं पोषण आहार वितरण कार्यक्रम में शामिल हुए।
मेडिकल कॉलेज में आयोजित शिविर में मेडिकल कॉलेज, स्वास्थ्य विभाग, होम्योपैथी वेलफेयर एसोसिएशन एवं आयुष विभाग की संयुक्त टीम द्वारा सिकल सेल मरीजों की स्क्रीनिंग एवं स्वास्थ्य जांच की गई। मरीजों को आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवाएं भी वितरित की गईं। इसके बाद सेवा यात्रियों ने मरीजों से संवाद किया और रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से पोषण किट वितरित की गईं।
सेवा यात्री रोहित ने बताया यात्रा का उद्देश्य
वड़नगर से आए सेवा यात्री रोहित ने यात्रा के उद्देश्य की जानकारी देते हुए मध्यप्रदेश एवं छिंदवाड़ा में मिले स्नेह और आत्मीय स्वागत के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश में यात्रा का यह 9वां दिन है। यात्रा विभिन्न राज्यों के गांवों में पहुंचकर हितग्राहियों से संवाद करने के साथ स्वच्छता, पौधारोपण सहित विभिन्न सेवा गतिविधियों में सहभागिता कर रही है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा विभिन्न राज्यों के लोगों को आपस में जोड़ने का माध्यम भी बन रही है।
25 सेवा यात्री कार्यक्रम में हुए शामिल
कार्यक्रम में पूर्व विधायक नत्थन शाह कवरेती, भाजपा जिला महामंत्री विजय पांडे, भाजपा वरिष्ठ नेता योगेंद्र राणा, रिजवान कुरैशी, शैलेंद्र रघुवंशी, शैलेंद्र पटेल, अंकुर शुक्ला, नवीन बारस्कर, लीला बजोलिया, अलकेश लांबा, डॉ. कृष्णा हरजानी, चंद्रकुमार ‘चंदू’ जैन, बिट्टू मंडराह, रवि मालवी, शिवा सरसवार, विशवेन्द्र बैस, पप्पू ठाकुर, शशांक चंदेल, अभिषेक राय, विकास वर्मा, डॉ. सपना साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम प्रभारी डॉ. हितेश मिश्रा, मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. अभय कुमार सिन्हा, अपर कलेक्टर धीरेन्द्र सिंह, डिप्टी कलेक्टर राहुल पटेल, सीएमएचओ डॉ. अर्चना कैथवास सहित मेडिकल कॉलेज, स्वास्थ्य विभाग, आयुष एवं होम्योपैथी एसोसिएशन की टीम भी मौजूद रही। सेवा यात्रा के बाइकर्स विपिन एवं दर्शन पटेल सहित सभी 25 सेवा यात्री कार्यक्रम में शामिल हुए।

एक टिप्पणी भेजें