प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को मिली ‘डिजिटल उड़ान’प्रदेश के 1.21 लाख से अधिक विद्यार्थियों के खातों में पहुंची ₹304 करोड़ से अधिक की प्रोत्साहन राशिछिंदवाड़ा जिले के 3,279 और पांढुर्णा के 831 विद्यार्थियों को लैपटॉप के लिए मिले ₹25-25 हजारमुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सिंगल क्लिक से किया राशि का अंतरण, विद्यार्थियों से संवाद कर दी उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं

chif editor MANESH SAHU 9407073701
By -
0
प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को मिली ‘डिजिटल उड़ान’

प्रदेश के 1.21 लाख से अधिक विद्यार्थियों के खातों में पहुंची ₹304 करोड़ से अधिक की प्रोत्साहन राशि

छिंदवाड़ा जिले के 3,279 और पांढुर्णा के 831 विद्यार्थियों को लैपटॉप के लिए मिले ₹25-25 हजार
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सिंगल क्लिक से किया राशि का अंतरण, विद्यार्थियों से संवाद कर दी उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं

छिंदवाड़ा । मध्यप्रदेश के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक और बेहतर शैक्षणिक संसाधनों से जोड़ने की दिशा में राज्य सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री मेधावी विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना के तहत मंगलवार को लैपटॉप क्रय के लिए प्रोत्साहन राशि का अंतरण किया गया। भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश के 1 लाख 21 हजार से अधिक पात्र विद्यार्थियों के बैंक खातों में ₹304 करोड़ से अधिक की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित की।

योजना के तहत माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा 12वीं परीक्षा सत्र 2025-26 में प्रथम प्रयास में 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप क्रय के लिए प्रति विद्यार्थी ₹25,000 की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई है।

छिंदवाड़ा जिले के 3,279 तथा पांढुर्णा जिले के 831, इस प्रकार दोनों जिलों के कुल 4,110 पात्र मेधावी विद्यार्थियों के बैंक खातों में ₹25-25 हजार की राशि अंतरित की गई। राशि खाते में पहुंचते ही विद्यार्थियों में खुशी और उत्साह का माहौल दिखाई दिया। विद्यार्थियों ने कहा कि लैपटॉप मिलने से उच्च शिक्षा के दौरान ऑनलाइन अध्ययन, डिजिटल सामग्री और नई तकनीकों को सीखने में काफी मदद मिलेगी।

विद्यार्थियों ने साझा की खुशी

छिंदवाड़ा के शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय से कक्षा 12वीं उत्तीर्ण छात्रा कु. प्राची डेहरिया ने 89 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। वर्तमान में वह प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय पीजी कॉलेज की छात्रा हैं। प्राची ने कहा कि स्वयं का लैपटॉप मिलने से कॉलेज की पढ़ाई में काफी सुविधा होगी।

इसी तरह कु. सोनाक्षी राजपूत ने कक्षा 12वीं की परीक्षा में 93.6 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। लैपटॉप के लिए प्रोत्साहन राशि मिलने पर उन्होंने खुशी व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार जताया।

कु. माही उमप ने कक्षा 12वीं में 89.9 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। उन्होंने बताया कि वह लंबे समय से लैपटॉप लेना चाहती थीं, लेकिन परिवार पर आर्थिक बोझ न पड़े, इस कारण इसे लेकर संकोच था। अब सरकार से राशि मिलने के बाद उनकी आगे की पढ़ाई अधिक सुविधाजनक हो सकेगी।

वहीं नितिन साहू ने 80 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। उन्होंने कहा कि लैपटॉप मिलने से आगे की पढ़ाई में आसानी होगी और उन्हें नई चीजें सीखने के बेहतर अवसर मिलेंगे।

जिले के शासकीय विद्यालयों से कक्षा 12वीं में 94 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली कु. दिव्यांशी जैन, 93.8 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली कु. ऐश्वर्या करेवाले, 82.4 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली खुशी सिंह, 82 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले समीर मंडराह और 88 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले ऋषभ सूर्यवंशी सहित अन्य मेधावी विद्यार्थियों ने भी योजना के प्रति प्रसन्नता व्यक्त की।

डिजिटल शिक्षा के नए अवसर

लैपटॉप के लिए प्रोत्साहन राशि के अंतरण के साथ ही छिंदवाड़ा सहित प्रदेशभर के हजारों मेधावी विद्यार्थियों के लिए डिजिटल शिक्षा के नए अवसर खुले हैं। सरकार का उद्देश्य प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आवश्यक तकनीकी संसाधन उपलब्ध कराकर उनकी पढ़ाई को अधिक प्रभावी बनाना और उन्हें बदलते डिजिटल दौर की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करना है।

राज्य स्तरीय कार्यक्रम का लाइव प्रसारण जिले के विभिन्न शासकीय विद्यालयों में भी किया गया। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के उद्बोधन तथा मेधावी विद्यार्थियों के प्रोत्साहन एवं लैपटॉप वितरण कार्यक्रम को उत्साहपूर्वक देखा। इस दौरान विद्यालयों में उत्साह और प्रसन्नता का वातावरण रहा।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने उद्बोधन में मेधावी विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए बधाई देते हुए निरंतर परिश्रम, अनुशासन और लगन के साथ अध्ययन करने तथा जीवन में ऊंचे लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए आवश्यक संसाधन और अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

लाइव प्रसारण के माध्यम से जिले के विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री के प्रेरणादायी उद्बोधन को सुना और शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए आगे बढ़ने की प्रेरणा प्राप्त की।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
400/related/default