Top News

प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन से शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक होंगे जनसेवा और जनसंवाद के विविध कार्यक्रम, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने की तैयारियों की समीक्षा

प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन से शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक होंगे जनसेवा और जनसंवाद के विविध कार्यक्रम, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने की तैयारियों की समीक्षा

भोपाल/छिंदवाड़ा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष निरंतर सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण को समर्पित रहे हैं। प्रधानमंत्री के जन्मदिन 17 सितंबर से प्रदेश में 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन, जनकल्याणकारी कार्यों और विकास की प्रमुख उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंत्रालय में आयोजित सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा बैठक में कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने देश के विकास और लोकतंत्र को सशक्त करने में अविस्मरणीय योगदान दिया है। उन्होंने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से अभियान को जनसहभागिता और जनसंवाद का व्यापक माध्यम बनाने के निर्देश दिए।

बैठक में स्कूल शिक्षा मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह, महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया, अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री श्री नागर सिंह चौहान, राज्यमंत्री श्रीमती कृष्णा गौर, राज्यमंत्री श्री नरेंद्र शिवाजी पटेल, राज्यसभा सांसद डॉ. कविता पाटीदार, मुख्य सचिव श्री अशोक बर्णवाल सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

जन-विश्वास अभियान की गतिविधियां भी होंगी शामिल

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने निर्देश दिए कि प्रदेश में संचालित जन-विश्वास अभियान की गतिविधियों को भी सेवा संकल्प अभियान से जोड़ा जाए। अभियान अवधि के दौरान प्रत्येक शुक्रवार को जिलों में जनकल्याण और जनसंवाद से जुड़े विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि सभी जिलों की विकास पुस्तिकाएं जन-जन तक पहुंचाई जाएं तथा प्रदेश के नवाचारों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाए। सभी मंत्री अपने विभागों एवं प्रभार वाले जिलों में अभियान की नियमित समीक्षा करें। जिला स्तर पर तिथिवार कार्ययोजना तैयार कर विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश इस अभियान के माध्यम से ऐसा मॉडल प्रस्तुत करे, जिसे देश में सुशासन, सेवा और जनसहभागिता के उदाहरण के रूप में देखा जाए।

महाकाल महालोक में जलेंगे दीप

प्रधानमंत्री श्री मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर को उज्जैन स्थित महाकाल महालोक में बड़ी संख्या में दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। इसके साथ ही प्रधानमंत्री द्वारा प्रदेश में लोकार्पित या भूमिपूजन की गई महत्वपूर्ण परियोजनाओं और अन्य प्रमुख सौगातों से जुड़े स्थानों पर भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

नर्मदा परियोजना, सरदार सरोवर बांध, केन-बेतवा लिंक परियोजना, पार्वती-कालीसिंध-चंबल परियोजना तथा प्रमुख सड़क परियोजनाओं से हुए सामाजिक और आर्थिक बदलावों की जानकारी भी आमजन तक पहुंचाई जाएगी।

अभियान के तहत होंगे 13 प्रमुख कार्यक्रम

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत प्रदेशभर में 13 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें आशीर्वाद का दीया, 25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत, नमो सेवा गाथा, आंगन का उत्सव, कहानी बदलाव की, विकसित भारत संकल्प यात्रा, सेवा ज्योति यात्रा, वडनगर से वाराणसी, सेवा मेरा योगदान, सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार, रंगोली राष्ट्र, राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज और जनसेवक महाकुंभ-पंचायत से पार्लियामेंट शामिल हैं।

अभियान के दौरान स्कूलों में ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिताएं, गांवों और सार्वजनिक स्थलों पर नुक्कड़ नाट्य, आंगनवाड़ी केंद्रों पर मातृ संवाद एवं कार्यकर्ता सम्मान, हितग्राहियों की प्रेरणादायी कहानियों का प्रसार, जनभागीदारी यात्राएं तथा विभिन्न सामाजिक सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

सेवा कार्यों में आमजन की भागीदारी

‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत नागरिकों को रक्तदान, वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य जांच शिविर, प्लास्टिक मुक्त जागरूकता, महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, वरिष्ठ नागरिकों के लिए डिजिटल साक्षरता, सड़क सुरक्षा, कचरा पृथक्करण और साइबर सुरक्षा जागरूकता जैसी गतिविधियों से जोड़ा जाएगा।

वहीं, ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के अंतर्गत विधानसभा और ब्लॉक स्तर पर शिविर आयोजित कर पात्र नागरिकों को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने की व्यवस्था की जाएगी।

17 अक्टूबर को होगा जनसेवक महाकुंभ

अभियान का समापन 17 अक्टूबर को ‘जनसेवक महाकुंभ-पंचायत से पार्लियामेंट’ कार्यक्रम के साथ होगा। इसमें देशभर से सरपंचों एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के शामिल होने का प्रस्ताव है। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सुशासन और सेवा से जुड़े 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन पर विशेष प्रस्तुति दी जाएगी तथा विकसित भारत के संकल्प से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी संबंधित विभागों और जिला प्रशासन को अभियान की तैयारियां समय-सीमा के अनुसार पूर्ण करने तथा व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

Post a Comment

और नया पुराने