छिंदवाड़ा। मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 2026 का आयोजन 7 से 12 सितंबर 2026 तक किया जाएगा। परीक्षा प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक एक सत्र में जिला मुख्यालय स्थित राजमाता सिंधिया शासकीय स्नातकोत्तर कन्या महाविद्यालय, छिंदवाड़ा में आयोजित होगी। परीक्षा में कुल 50 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
परीक्षा के सुचारु एवं निष्पक्ष संचालन के लिए मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग ने उच्च न्यायिक सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी श्री एन.सी. नागराज को संभागीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।
कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन ने संभागीय पर्यवेक्षक के छिंदवाड़ा भ्रमण के दौरान आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। नगर दंडाधिकारी छिंदवाड़ा को विश्राम गृह में कक्ष आरक्षित करने तथा वाहन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, जिला ई-गवर्नेंस सोसायटी को कंप्यूटर उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है।
इसी क्रम में मेडिकल कॉलेज छिंदवाड़ा के सहायक ग्रेड-3 श्री आनंद नांदेकर एवं नगर पालिक निगम छिंदवाड़ा के सहायक ग्रेड-3 श्री राजेश सोनी को लिपिकीय एवं कंप्यूटर संबंधी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कलेक्टर ने संभागीय पर्यवेक्षक द्वारा सौंपे जाने वाले सभी कार्यों का समय पर एवं व्यवस्थित रूप से संपादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
