अब किसानों को सिंचाई के लिए दिन में भी मिलेगी बिजली : मुख्यमंत्री डॉ. यादवश्योपुर में बलराम कृषि महोत्सव एवं किसान मेले को मुख्यमंत्री ने किया वर्चुअली संबोधित

chif editor MANESH SAHU 9407073701
By -
0
अब किसानों को सिंचाई के लिए दिन में भी मिलेगी बिजली : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
श्योपुर में बलराम कृषि महोत्सव एवं किसान मेले को मुख्यमंत्री ने किया वर्चुअली संबोधित

भोपाल/छिंदवाड़ा । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों को निरंतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। अब किसानों को सिंचाई के लिए दिन के समय भी बिजली उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे वे सुविधानुसार अपनी फसलों की सिंचाई कर सकेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधवार को कृषि उपज मंडी परिसर, श्योपुर में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव एवं किसान मेले को ग्वालियर एयरपोर्ट से वर्चुअली संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने श्योपुर जिले के किसानों से संवाद भी किया।

मुख्यमंत्री ने कृषि उपज मंडी श्योपुर में किसानों के लिए नवीन विश्राम गृह के निर्माण हेतु 60 लाख रुपये की घोषणा की। कार्यक्रम में श्योपुर जिले के प्रभारी मंत्री एवं नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री राकेश शुक्ला, कृषि मंत्री श्री एदल सिंह कंषाना, वन विकास निगम के अध्यक्ष श्री रामनिवास रावत तथा अपेक्स बैंक के अध्यक्ष श्री महेन्द्र सिंह यादव उपस्थित रहे।

किसान कल्याण वर्ष में मिल रही सुविधाएं

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में वर्ष 2026 को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। इसके अंतर्गत किसानों के हित में विभिन्न कार्यक्रम एवं योजनाएं संचालित की जा रही हैं। किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। खरीफ और रबी फसलों के लिए ऋण चुकाने की छह-छह माह की अवधि को बढ़ाकर अब एक वर्ष कर दिया गया है। अर्थात किसान जिस दिन ऋण लेगा, उसके लिए ऋण चुकाने की अवधि एक वर्ष निर्धारित होगी।

उन्होंने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए पशुपालन और दुग्ध उत्पादन को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। अधिक से अधिक दुग्ध सहकारी समितियों का गठन कर दुग्ध उत्पादन बढ़ाने पर जोर दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि श्योपुर में धान और गेहूं का अच्छा उत्पादन होता है, वहीं किसान अब मोटे अनाज का उत्पादन भी कर रहे हैं।

विद्यार्थियों को दी सामाजिक संदेश की सीख

मुख्यमंत्री ने कक्षा 12वीं में 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप खरीदने के लिए 25-25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी गई है। मुख्यमंत्री ने अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा पर ध्यान देने और अनावश्यक खर्चों को रोकने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज में ऐसी परंपरा विकसित की जाए, जिससे विवाह एवं अन्य सामाजिक आयोजनों में फिजूलखर्ची कम हो तथा सामूहिक विवाह सम्मेलनों को बढ़ावा मिले। उन्होंने सभी को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं भी दीं।

किसानों ने साझा किए अनुभव

मुख्यमंत्री ने किसानों से संवाद के दौरान ग्राम राडेप के किसान श्री मुकुट चौधरी से कृषि योजनाओं का लाभ मिलने की जानकारी ली। किसान ने बताया कि कृषि अभियांत्रिकी विभाग की योजना के तहत उन्हें पराली प्रबंधन के लिए कृषि यंत्र सब्सिडी पर प्राप्त हुए हैं। उन्होंने सुपर सीडर खरीदा, जिस पर उन्हें 1 लाख 20 हजार रुपये का अनुदान मिला।

बलराम कृषि महोत्सव एवं किसान मेले में कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, फसल प्रबंधन तथा खेती-किसानी से जुड़ी उपयोगी जानकारी दी। मेले में कृषि, पशुपालन, उद्यानिकी, मत्स्यपालन और एनआरएलएम सहित विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी भी लगाई गई।

प्रगतिशील किसान एवं मेधावी विद्यार्थी सम्मानित

कार्यक्रम में प्रगतिशील किसानों श्री नरेन्द्र चौधरी, श्री भरत जाट, श्री शिशुपाल मीणा, श्री सोनू शर्मा, श्री बनवारी मीणा, श्री भुवनेश मीणा, श्री पूरण प्रजापति, श्री गोविंद पटेलिया और श्री मान सिंह पटेलिया को शॉल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कक्षा 12वीं में उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों अंकुश मेहर, भूमिका माहौर, आशा गुर्जर, अनमोल मीणा, अभय गुर्जर, पूनम जाट, वैष्णवी जाट, दीनबंधु मीणा, करण मीणा और मयंक शर्मा को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में सहरिया विकास प्राधिकरण की अध्यक्ष श्रीमती गुड्डी बाई, विधायक श्री बाबू जंडेल, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती रेणु सुजीत गर्ग, पूर्व विधायक श्री बृजराज सिंह चौहान, जिला पंचायत सदस्य एवं कृषि स्थायी समिति के सभापति श्री गिरधारी बैरवा, सांसद प्रतिनिधि श्री सुजीत गर्ग, कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा, पुलिस अधीक्षक श्री मोती उर रहमान सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
400/related/default