Top News

ग्रामीण स्वच्छता में छिंदवाड़ा की गूंज राष्ट्रीय स्तर परजिला पंचायत सीईओ अग्रिम कुमार को मिला प्रतिष्ठित ISC-FICCI WASH Champion पुरस्कार

ग्रामीण स्वच्छता में छिंदवाड़ा की गूंज राष्ट्रीय स्तर पर

जिला पंचायत सीईओ अग्रिम कुमार को मिला प्रतिष्ठित ISC-FICCI WASH Champion पुरस्कार

छिन्दवाड़ा। जिले ने ग्रामीण स्वच्छता एवं पेयजल प्रबंधन के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। नई दिल्ली में आयोजित 10वें ISC-FICCI सैनिटेशन अवार्ड्स-2026 में जिला पंचायत छिंदवाड़ा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) श्री अग्रिम कुमार (आईएएस) को ग्रामीण स्वच्छता, नवाचार एवं प्रभावी नेतृत्व के लिए प्रतिष्ठित “Category 6B – WASH Champion (Special Jury Recognition)” पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह सम्मान जिले में स्वच्छता एवं जल प्रबंधन के क्षेत्र में किए गए नवाचारों और प्रभावी कार्यों को मिली राष्ट्रीय पहचान के रूप में देखा जा रहा है।

विशेष जूरी ने किया चयन

विशेष बात यह रही कि WASH Champion श्रेणी के लिए जिला पंचायत सीईओ श्री अग्रिम कुमार द्वारा कोई व्यक्तिगत आवेदन प्रस्तुत नहीं किया गया था। पुरस्कार चयन प्रक्रिया के दौरान मुख्य जूरी के अध्यक्ष प्रो. आर.ए. माशेलकर एवं कार्यकारी जूरी ने विभिन्न नामांकनों का मूल्यांकन किया। छिंदवाड़ा जिले में किए गए अभिनव कार्यों एवं उनके प्रभावी नेतृत्व को देखते हुए जूरी ने सर्वसम्मति से उन्हें विशेष जूरी सम्मान प्रदान करने का निर्णय लिया।

‘वॉश ऑन व्हील्स प्लस’ को भी मिला राष्ट्रीय सम्मान

इसी समारोह में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), मध्यप्रदेश को छिंदवाड़ा जिले से शुरू की गई अभिनव पहल ‘वॉश ऑन व्हील्स प्लस’ के लिए श्रेणी-7 के अंतर्गत प्रतिष्ठित पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इससे छिंदवाड़ा में विकसित यह मॉडल राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर एक अनुकरणीय पहल के रूप में उभरकर सामने आया है।

ग्रामीण स्वच्छता का नया मॉडल बना नवाचार

कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन एवं जिला पंचायत सीईओ श्री अग्रिम कुमार के नेतृत्व में जिला पंचायत छिंदवाड़ा द्वारा स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) 2.0 एवं जल जीवन मिशन के अभिसरण से ‘वॉश ऑन व्हील्स’ एवं ‘वॉश ऑन व्हील्स प्लस’ जैसी अभिनव पहल शुरू की गई।

यह डिजिटल सर्विस सिस्टम एवं एंटरप्राइज आधारित मॉडल है, जिसके माध्यम से प्रशिक्षित ‘स्वच्छता साथी’ आधुनिक प्रेशर वाशर मशीनों एवं सुरक्षा उपकरणों के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में शौचालयों की सफाई तथा पेयजल अवसंरचनाओं के रखरखाव की सेवाएं उपलब्ध करा रहे हैं।

इस पहल के तहत घरेलू एवं संस्थागत शौचालयों की नियमित सफाई के साथ स्कूलों के ओवरहेड टैंकों की सफाई, पाइपलाइन मरम्मत तथा पेयजल व्यवस्थाओं के रखरखाव जैसी सेवाएं भी प्रदान की जा रही हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता एवं सुरक्षित पेयजल व्यवस्था को मजबूती मिली है।

76 हजार से अधिक शौचालयों की सफाई, स्वच्छता साथियों को मिला रोजगार

‘वॉश ऑन व्हील्स प्लस’ मॉडल के माध्यम से अब तक 76 हजार से अधिक घरेलू एवं संस्थागत शौचालयों की सफाई तथा 1,300 से अधिक स्कूलों के ओवरहेड टैंकों की सफाई की जा चुकी है।

इस पहल से स्वच्छता सेवाओं का विस्तार होने के साथ-साथ स्वच्छता साथियों के लिए लगभग 1.20 करोड़ रुपये का राजस्व भी सृजित हुआ है। इससे ग्रामीण युवाओं एवं सफाई मित्रों को सम्मानजनक आजीविका के अवसर प्राप्त हुए हैं।

छिंदवाड़ा जिले को मिले ये राष्ट्रीय सम्मान ग्रामीण स्वच्छता, जल प्रबंधन, नवाचार, जनभागीदारी एवं सुशासन के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की महत्वपूर्ण उपलब्धि हैं। इससे जिले की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत हुई है।

Post a Comment

और नया पुराने