जल्द प्रारंभ हो दादाधाम एक्सप्रेस ट्रेन और पांढुर्णा में ट्रेनों के स्टॉपेज : बंटी विवेक साहूसांसद ने रेलवे की मंडल स्तरीय बैठक में रखे 20 से अधिक महत्वपूर्ण सुझाव और मांगेंछिंदवाड़ा से मुंबई और पुणे के लिए ट्रेन शुरू करने की भी उठाई मांग

chif editor MANESH SAHU 9407073701
By -
0
जल्द प्रारंभ हो दादाधाम एक्सप्रेस ट्रेन और पांढुर्णा में ट्रेनों के स्टॉपेज : बंटी विवेक साहू
सांसद ने रेलवे की मंडल स्तरीय बैठक में रखे 20 से अधिक महत्वपूर्ण सुझाव और मांगें
छिंदवाड़ा से मुंबई और पुणे के लिए ट्रेन शुरू करने की भी उठाई मांग

छिंदवाड़ा। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की मंडल स्तरीय बैठक नागपुर में आयोजित हुई। बैठक में नागपुर मंडल के अंतर्गत आने वाले जिलों के सांसद, सांसद प्रतिनिधि और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में छिंदवाड़ा-पांढुर्णा क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार को लेकर सांसद बंटी विवेक साहू ने 20 से अधिक महत्वपूर्ण मांगें और सुझाव रेलवे अधिकारियों के समक्ष रखे।

सांसद बंटी विवेक साहू ने दादाधाम एक्सप्रेस ट्रेन को शीघ्र प्रारंभ करने का प्रस्ताव प्रमुखता से रखा। बैतूल सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उईके, खंडवा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल सहित अन्य सांसदों ने भी इस मांग का समर्थन किया। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि दादाधाम एक्सप्रेस ट्रेन प्रारंभ करने का प्रस्ताव मंत्रालय को भेजा जा चुका है। मंत्रालय से अनुमति मिलते ही ट्रेन का संचालन प्रारंभ किया जाएगा। इस दौरान सांसद साहू ने दादाजी धूनीवाले के भक्तों द्वारा दादाधाम एक्सप्रेस को शीघ्र शुरू करने के लिए तैयार किए गए भजन को भी रेलवे अधिकारियों को सुनाया।

मुंबई और पुणे से छिंदवाड़ा को जोड़ने की मांग

सांसद ने छिंदवाड़ा को मुंबई और पुणे से रेल सुविधा के माध्यम से जोड़ने की मांग रखी। इसके साथ ही सेवाग्राम एक्सप्रेस, चित्रकूट एक्सप्रेस तथा टाटानगर-इतवारी के बीच संचालित एक्सप्रेस ट्रेन का विस्तार छिंदवाड़ा तक करने का प्रस्ताव भी रखा।

उन्होंने गति शक्ति योजना के अंतर्गत परासिया रेलवे स्टेशन को शामिल करने की मांग की। साथ ही छिंदवाड़ा चारफाटक स्थित रेलवे ओवरब्रिज को नरसिंहपुर मार्ग से जोड़ने के लिए अंडरब्रिज का निर्माण शीघ्र कराने तथा रामबाग छिंदवाड़ा रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज अथवा अंडरब्रिज के निर्माण का प्रस्ताव भी रखा।

पांढुर्णा में बंद स्टॉपेज फिर शुरू करने की मांग

सांसद बंटी विवेक साहू ने पांढुर्णा रेलवे स्टेशन से जुड़ी समस्याओं को भी बैठक में प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि कोरोना काल के बाद पांढुर्णा रेलवे स्टेशन पर कई ट्रेनों के स्टॉपेज बंद कर दिए गए हैं। इन ट्रेनों के स्टॉपेज पुनः प्रारंभ किए जाएं। इसके अलावा स्टेशन पर एक अतिरिक्त फुट ओवरब्रिज का निर्माण कराने और जन औषधि केंद्र शुरू करने की मांग भी की।

रेल लाइन दोहरीकरण और यात्री सुविधाओं पर भी जोर

सांसद ने छिंदवाड़ा-नरसिंहपुर-सागर रेल लाइन के पुनरीक्षित सर्वे को लेकर रेलवे अधिकारियों से जानकारी मांगी। उन्होंने छिंदवाड़ा-नागपुर, छिंदवाड़ा-सिवनी और छिंदवाड़ा-आमला रेलखंडों का आवश्यकता एवं नीति के अनुसार शीघ्र दोहरीकरण कराने की मांग रखी।

इसके अलावा खिरसाडोह में गुड्स शेड का निर्माण, पातालकोट एक्सप्रेस में यात्रियों के लिए पेंट्री कार की सुविधा शुरू करने तथा पेंचवेली ट्रेन में एसी और स्लीपर कोच बढ़ाने की मांग की। सांसद ने छिंदवाड़ा जिले के रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त शेड निर्माण का प्रस्ताव भी रखा।

बैठक में जेडआरयूसीसी सदस्य एवं सांसद प्रतिनिधि सत्येंद्र ठाकुर सहित नागपुर मंडल के अंतर्गत आने वाले विभिन्न जिलों के सांसद, सांसद प्रतिनिधि और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
400/related/default