10 से 12 सितंबर तक एफएलसी, 16 सितंबर को होगा रेंडमाइजेशन
छिंदवाड़ा, 5 सितंबर। मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग, भोपाल के निर्देशानुसार पंचायतों एवं नगरीय निकायों के उप निर्वाचन 2026 (पूर्वार्द्ध) के लिए ईवीएम की एफएलसी, रेंडमाइजेशन, कमीशनिंग एवं प्रबंधन संबंधी प्रक्रिया की तिथियां निर्धारित कर दी गई हैं।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (स्थानीय निर्वाचन) हरेंद्र नारायण द्वारा जारी पत्र के अनुसार ईवीएम की एफएलसी प्रक्रिया 10 से 12 सितंबर 2026 तक प्रतिदिन सुबह 11 बजे से तहसील कार्यालय स्थित स्ट्रांग रूम, छिंदवाड़ा में की जाएगी।
वहीं डीईओ स्तर पर ईवीएम रेंडमाइजेशन की प्रक्रिया 16 सितंबर 2026 को सुबह 11 बजे कलेक्टर कार्यालय छिंदवाड़ा के एनआईसी कक्ष में आयोजित होगी।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने जिला पंचायत के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष, मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों तथा संबंधित जनपद पंचायतों के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष से निर्धारित तिथि, समय एवं स्थान पर उपस्थित रहने का आग्रह किया है।
