खाद्य सुरक्षा टीम ने होटल और रेस्टोरेंट परिसरों का किया निरीक्षण
पनीर, चीज और काबुली चना के नमूने जांच के लिए भेजे, पुराने खाद्य पदार्थ कराए गए नष्ट
छिंदवाड़ा। कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन के निर्देशन एवं अपर कलेक्टर श्री धीरेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा दल द्वारा लगातार निरीक्षण, निगरानी और नमूना संग्रहण की कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा दल ने बुधवार को होटल देव इंटरनेशनल, सत्कार रेस्टोरेंट और होटल सत्कार इंटरनेशनल के रेस्टोरेंट परिसर, स्टोर एवं किचन का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान होटल देव इंटरनेशनल से पनीर और चीज के नमूने लिए गए। वहीं डोसावेटर और सलाद पुराने पाए जाने पर उनका विनष्टीकरण कराया गया तथा स्टोर में साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
सत्कार रेस्टोरेंट से पनीर और काबुली चना के नमूने जांच के लिए लिए गए। जबकि होटल सत्कार इंटरनेशनल के निरीक्षण के दौरान फ्रीजर में दो-तीन दिन पुराना सना मैदा और प्याज की ग्रेवी रखी मिली, जिसे तत्काल हटवाया गया।
खाद्य सुरक्षा दल द्वारा लिए गए सभी नमूनों को जांच के लिए भोपाल स्थित प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा तीनों प्रतिष्ठानों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता बनाए रखने तथा निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के लिए नोटिस जारी किए जा रहे हैं।

एक टिप्पणी भेजें