पोर्टल पर नियमित रूप से जानकारी अपलोड करने के अधिकारियों को दिए निर्देश
भोपाल/छिंदवाड़ा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि 7 अगस्त से शुरू हुए मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के चार सप्ताह सफलतापूर्वक पूर्ण हो चुके हैं। कम समय में ही अभियान का सकारात्मक प्रभाव देखने को मिला है। जनप्रतिनिधियों से लेकर अधिकारी तक सप्ताह में एक दिन फील्ड में पहुंचकर जनता की समस्याओं को सुन रहे हैं और उनके त्वरित निराकरण का प्रयास कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बुधवार को मंत्रालय में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान पोर्टल की लॉन्चिंग करते हुए कहा कि यह पोर्टल अभियान के उद्देश्यों को पूरा करने में प्रभावी और लाभकारी सिद्ध होगा। उन्होंने सभी स्तर के अधिकारियों को निर्देश दिए कि यूजर मैनुअल के अनुसार पोर्टल पर अभियान से संबंधित जानकारियां नियमित रूप से अपलोड करना सुनिश्चित करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की संपूर्ण जानकारी व्यवस्थित रूप से दर्ज करने के उद्देश्य से यह पोर्टल तैयार किया गया है। पोर्टल पर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के फील्ड भ्रमण, निरीक्षण, जनसंवाद, उद्यम संवाद, जिला स्तरीय समीक्षा बैठकों, नीतिगत विषयों तथा अभियान के दौरान दिए गए महत्वपूर्ण निर्देशों की जानकारी दर्ज की जाएगी।
इसके साथ ही जिलों में किए जा रहे प्रमुख नवाचारों और राज्य स्तर पर भेजे जाने वाले सुझावों को भी पोर्टल पर दर्ज किया जाएगा। प्रत्येक सप्ताह दर्ज की गई जानकारी की उच्च स्तर पर नियमित समीक्षा की जाएगी। राज्य स्तरीय मामलों के निराकरण के लिए आवश्यक समन्वय भी पोर्टल के माध्यम से किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पोर्टल पर उपलब्ध जानकारी के समेकित उपयोग से मैदानी स्तर पर शासन की योजनाओं और अभियान का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित होगा तथा आमजन को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
