बिजली व्यवस्था को मिली मजबूती, पिंडरईकला में ट्रांसफार्मर क्षमता दोगुनी
5 एमवीए से बढ़कर 10 एमवीए हुई क्षमता, इकलहरा में 200 केवीए का नया ट्रांसफार्मर स्थापित
छिन्दवाड़ा। जिले में विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा लगातार कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में चौरई संभाग के पिंडरईकला में 33/11 केवी उपकेंद्र के पावर ट्रांसफार्मर की क्षमता 5 एमवीए से बढ़ाकर 10 एमवीए की गई है। यह कार्य 23 सितंबर को सफलतापूर्वक पूरा हुआ।
ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ने से 11 केवी पिंडरईकला टाउन घरेलू, पुलपुलडोह, सोनाखार घरेलू एवं कृषि फीडरों से जुड़े उपभोक्ताओं को बेहतर विद्युत आपूर्ति मिलने लगी है। इससे पिंडरई, कोटलबरी, बीझापानी, धौलपुर, भानादेही, घोघरा, पुलपुलडोह, सुसरई, शलैया, थावडी, कुईया और मोहगांव सहित आसपास के क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को मजबूती मिली है।
2428 घरेलू और 887 कृषि उपभोक्ताओं को राहत
क्षमता वृद्धि का लाभ क्षेत्र के 2428 घरेलू और 887 कृषि उपभोक्ताओं सहित अन्य श्रेणी के उपभोक्ताओं को मिल रहा है। क्षमता बढ़ने से लो-वोल्टेज की समस्या में सुधार हुआ है तथा भविष्य में बढ़ती विद्युत मांग के अनुरूप आपूर्ति बनाए रखने में भी मदद मिलेगी। इससे घरेलू जरूरतों के साथ कृषि कार्यों के लिए विद्युत आपूर्ति अधिक सुचारू होने की उम्मीद है।
इकलहरा में 200 केवीए का नया ट्रांसफार्मर
इसी क्रम में परासिया संभाग के इकलहरा क्षेत्र में लो-वोल्टेज एवं पर्याप्त विद्युत आपूर्ति की समस्या के समाधान के लिए इकलहरा महाकाल मोक्षधाम के पास 200 केवीए क्षमता का नया ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया है। ट्रांसफार्मर स्थापित होने के बाद क्षेत्र में लो-वोल्टेज की समस्या में सुधार हुआ है और उपभोक्ताओं को बेहतर विद्युत आपूर्ति मिलने लगी है।
ग्रामीणों ने जताई प्रसन्नता
विद्युत व्यवस्था में सुधार से लाभान्वित ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने प्रसन्नता व्यक्त की है। चौरई क्षेत्र के बंटी पटेल एवं रमाकांत रघुवंशी तथा परासिया-इकलहरा के राधेश्याम साहू ने बेहतर विद्युत आपूर्ति मिलने पर विद्युत कंपनी के प्रयासों की सराहना की।

एक टिप्पणी भेजें