अच्छी बिक्री से किसानों के चेहरे खिले, अगले रविवार को भी हाट लगाने का निर्णय
छिंदवाड़ा। शहरवासियों को ताजी, प्राकृतिक एवं जैविक कृषि उपज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रविवार को जैविक सब्जी हाट का आयोजन किया गया। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से किसान अपने प्राकृतिक एवं जैविक उत्पाद लेकर हाट में पहुंचे। शहरवासियों ने उत्साह के साथ किसानों से सीधे उत्पादों की खरीदारी की।
जैविक हाट में किसानों द्वारा भिंडी, लौकी, बरबटी, हरी सेमी, मिर्च, धनिया, प्याज, लहसुन, अदरक, करेला, पालक, लाल भाजी, बेबी कॉर्न, स्वीट कॉर्न, कुंदरू, सफेद एवं हरे बैंगन, पपीता सहित विभिन्न प्रकार की ताजी सब्जियां एवं फल उपलब्ध कराए गए। इसके अलावा खाने का तेल, मिलेट्स, जैविक दाल-चावल, विभिन्न प्रकार के घी, शहद, मट्ठा सहित अन्य प्राकृतिक उत्पाद भी बिक्री के लिए रखे गए।
अधिकारियों ने भी की खरीदारी
हाट में उप संचालक कृषि श्री मॉरिस नाथ, उप संचालक पशुपालन डॉ. एच.जी.एस. पक्षवार, परियोजना संचालक आत्मा श्री धीरज ठाकुर, अनुविभागीय अधिकारी श्री नीलकंठ पटवारी, सहायक संचालक श्री दीपक चौरसिया एवं श्री सी.एम. अवस्थी, ब्लॉक टेक्नोलॉजी मैनेजर सुश्री प्रिया काराड़े सहित अन्य कृषि अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने किसानों का उत्साहवर्धन करते हुए उनसे सीधे जैविक एवं प्राकृतिक उत्पादों की खरीदारी की। समाजसेवी श्री जगदीश पवार सहित जिले के कई प्रतिष्ठित जैविक एवं प्राकृतिक किसान भी हाट में उपस्थित रहे।
किसानों के चेहरे पर आई खुशी
जैविक उत्पादों की अच्छी बिक्री से किसानों के चेहरे खुशी से खिल उठे। किसानों ने बताया कि प्राकृतिक एवं जैविक खेती से तैयार उत्पादों को शहरवासियों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। इससे उन्हें प्राकृतिक खेती का रकबा बढ़ाने के लिए प्रोत्साहन मिल रहा है।
किसानों ने निर्णय लिया कि आगामी रविवार को भी बड़ी मात्रा में जैविक एवं प्राकृतिक सब्जियां तथा अन्य कृषि उत्पाद लेकर जैविक हाट में पहुंचेंगे, ताकि शहरवासियों को ताजा और प्राकृतिक उत्पाद आसानी से उपलब्ध हो सकें।
