परिवहन जाँच दल द्वारा चावलपानी-झिरपा-तामिया मार्ग पर स्कूल बसों सहित सभी बसों की बारीकी से जाँच

7 वाहनों से वसूला गया 22 हजार रूपये का जुर्माना

परिवहन आयुक्त द्वारा दिये गये निर्देशों के परिपालन में परिवहन विभाग के जाँच दल द्वारा आज अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी श्री मनोज कुमार तेहनगुरिया के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न मार्गो सहित चावलपानी-झिरपा-तामिया मार्ग पर पहुंचकर स्कूल बसों सहित सभी बसों की बारीकी से जाँच की गईं और 6 वाहनों पर तत्काल चालानी कार्यवाही करते हुये 36 हजार 823 रूपये का जुर्माना लिया गया ।  इस दौरान सुप्रीम कोर्ट की गाइड लाइन के अनुसार शहर में संचालित सवारी बसों व स्कूल बसों में पहुंचकर वाहनों की पूर्णतः पेपर सहित फिटनेस की जाँच की गईं तथा जिन स्कूल वाहनों में गाइड लाइन के अनुसार कमियां पाई गईं, उन्हें सुधार कार्य के लिये एक सप्ताह का अंतिम समय दिया गया । जिसके बाद ऐसे  वाहनों पर चालानी कार्यवाही की जायेगी।
अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी श्री तेहनगुरिया ने बताया कि जिले के विभिन्न मार्गों सहित चावलपानी-झिरपा-तामिया पर संचालित बसों के संचालकों द्वारा यात्रियों से बलपूर्वक अधिक किराया लेने  क्षमता से अधिक सवारी बसों मे बैठाये जाने सहित वाहनों में किराया सूची नहीं लगी पाये जाने की मिल रही शिकायतों और सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों को देखते हुए परिवहन जाँच दल द्वारा शहर के मार्ग पर सवारी बसों की फिटनेस संबंधी बारीकी से जाँच की गई जो आने वाले समय में भी निरंतर जारी रहेगी एवं जिस वाहन में कुछ विशेष खामियां पाई जायेगी उसे यथा स्थान सवारी खाली करवाकर उस सवारी वाहन का तत्काल फिटनेस निरस्त करने की कार्यवाही की जायेगी । साथ ही जिन वाहनों में मध्यप्रदेश मोटर यान अधिनियम का उल्लंघन पाये जाने पर 7 वाहन संचालकों पर तत्काल चालानी कार्यवाही करते हुए 22 हजार रूपये का जुर्माना लिया गया । साथ ही 2 स्कूल बस क्रमांक MP04PA2372  व MP04PA1245 और एक प्राइवेट वाहन दस्तावेज की कमी व स्कूल बस परमिट शर्तो का उल्लंघन करते संचालित पाये जाने पर जप्त कर पुलिस थाना तामिया में सुरक्षार्थ खड़ा करवाया गया। साथ ही अन्य बस संचालकों को समझाईश दी गई कि भविष्य में इस तरह की शिकायत प्राप्त होने पर ऐसी बसों का परमिट निरस्त करते हुए जप्ती की कार्यवाही भी की जायेगी।     

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ